Brahmachari Dr. Girish Chandra Varma Ji Blog


 'संचय' का आधार 'लोक कल्याण'

'संचय' का आधार 'लोक कल्याण'

 'संचय' का आधार 'लोक कल्याण'  17/11/2026 11:08:58 AM    'संचय' का आधार 'लोक कल्याण'   Administrator

श्रीमद्भागवत महापुराण के एकादश स्कंध में भगवान दत्तात्रेय ने अपने 24 प्राकृतिक गुरुओं से प्राप्त शिक्षा का राजा यदु के समक्ष वर्णन किया है, जिसमें जीवन प्रबंधन के तत्व निहित हैं। महाराज यदु को संबोधित करते हुए भगवान दत्तात्रेय ने अपने चतुर्दश गुरु 'मधुहा' (मधु निकालने वाले) के दृष्टांत से न मात्र एक प्राकृतिक घटना का निरूपण किया, अपितु वेदांत के गूढ़तम मर्म, संग्रह और त्याग के विवेक को भी आलोकित किया है। भगवान दत्तात्रेय कहते हैं, हे राजन! परमार्थ तथा सत्संग से विमुख होकर विषय-वासनाओं में लिप्त जीव असीम शारीरिक व मानसिक क्लेश सहकर भी अहर्निश धन-धान्य का संचय करता है, किंतु वह उसका उपयोग नहीं कर पाता। जिस प्रकार अज्ञानी मधुमक्खियाँ अनवरत परिश्रम से अनेक पुष्पों का मकरंद एकत्र करती हैं और स्वयं उसका रसास्वादन नहीं कर पातीं, क्योंकि कोई चतुर मधुहा आकर उस मधु का हरण कर लेता है। इसी प्रकार किसी कृपण द्वारा दुखपूर्वक संचित धन का उपभोग भी कालचक्र, परिस्थितियाँ, अनधिकारी, उत्तराधिकारी अथवा चोर कर लेते हैं।

न देयं नोपभोग्यं च लब्धैर्यद्दु:खसंचितम्। भुङ्कते तदपि तच्चान्यो मधुहेवार्धविन्मधु॥

हे राजन! पुष्पादि के मकरंद के प्रति अंधी आसक्ति व अथक परिश्रम ही मधुमक्खियों के समूल विनाश की विभीषिका बन जाता है। इसी प्रकार धर्म, दान तथा कल्याणी वृत्ति से विमुख होकर मात्र धन एकत्रिक करने वाला लोभी मनुष्य उस संपदा का स्वामी नहीं, अपितु मात्र एक मोहासक्त रक्षक है। सनातन संस्कृति की पावन व्यवस्था में गृहस्थ को संचय की अनुमति तो प्राप्त है, किंतु वह आसक्ति के पोषण के लिए नहीं, अपितु परमार्थ की वेदी पर आहुति देने हेतु होता है। एक सदगृहस्थ का परम धर्म है कि वह अपने संचित अन्न व धन से पंचमहायज्ञ, पितृ-तर्पण, अभ्यागत-सेवा, साधु-सत्कार एवं गोग्रास का निर्वाह करे, तत्पश्चात अवशिष्ट भाग को भगवान के प्रसाद के रूप में ग्रहण करे। शास्त्रों में धन की मात्र तीन गतियाँ निर्धारित हैं- दान, भोग और नाश। जो मनुष्य न तो सुपात्र को दान देता है और न ही यथोचित उपभोग करता है, उसकी संपदा की तृतीय गति निश्चित विनाश ही होती है।

सुदु:खोपार्जितं वित्तं हित्वा शासानां गृहाशिष:। मधुहेवाग्रतो भुङ्कते यतिर्व गृहेधिनाम्॥

हे राजन! संसार में यदि संचय अहं और ममता के कलुष से युक्त है, तो वह बंधन तथा संताप का कारण बनता है। वही संग्रह यदि संतोष और समर्पण से ओतप्रोत होकर लोककल्याण में प्रयुक्त होता है, तो मोक्ष का द्वार खोल देता है। मनुष्य को धन का दास नहीं, अपितु स्वामी बनना चाहिए। वास्तविक धन तो संतोष है, सच्ची पवित्रता त्याग में है और संचित संसाधनों की परम सार्थकता जगत के कल्याणार्थ स्वयं को समर्पित कर देने में ही निहित है।

मामुपेत्य पुनर्जन्म दु:खालयमशाश्वतम्। नाप्नुवन्ति महात्मान: संसिद्धिं परमां गता:॥ (अध्याय-आठ, श्लोक-15)

मुझे प्राप्त करके महापुरुष, जो भक्तियोगी हैं, कभी दुखों से पूर्ण इस अनित्य जगत में नहीं लौटते, क्योंकि उन्हें परम सिद्धि प्राप्त हो चुकी होती है। चूँकि यह नश्वर जगत जन्म, जरा तथा मृत्यु के क्लेशों से पूर्ण है, अत: जो परम सिद्धि प्राप्त करता है और परमलोक कृष्णलोक या गोलोक वृन्दावन को प्राप्त होता है, वह वहाँ से कभी वापस नहीं आना चाहता। इस परमलोक को वेदों में अव्यक्त, अक्षर तथा परमा गति कहा गया है। दूसरे शब्दों में, यह लोक हमारी भौतिक दृष्टि से परे है और अवर्णनीय है, किंतु यह परमलक्ष्य है, जो महात्माओं का गन्तव्य है। महात्मा अनुभवसिद्ध भक्तों से दिव्य संदेश प्राप्त करते हैं और इस प्रकार वे धीरे-धीरे कृष्णभावनामृत में भक्ति विकसित करते हैं और दिव्यसेवा में इतने लीन हो जाते हैं कि वे न तो किसी भौतिक लोक में जाना चाहते हैं, न ही वे किसी आध्यात्मिक लोक में जाना चाहते हैं। वे मात्र कृष्ण तथा कृष्ण का सामीप्य चाहते हैं, अन्य कुछ नहीं। यही जीवन की सबसे बड़ी सिद्धि है। इस श्लोक में भगवान कृष्ण के सगुणवादी भक्तों का विशेष रूप से उल्लेख हुआ है। ये भक्त कृष्णभावनामृत में जीवन की परमसिद्धि प्राप्त करते हैं। दूसरे शब्दों में, वे सर्वोच्च आत्माएँ हैं। जिनका मार्गदर्शन स्वयं परमात्मा करते हैं। 'भावातीत ध्यान' रूपी परमात्मा के सानिध्य का एक सरल मार्ग प्रतिपादित किया परम पूज्य महर्षि महेश योगी जी ने जो चेतना के माध्यम से सुगम हो जाता है और चेतना की जागृति के लिये 'भावातीत ध्यान' योग का नियमित रूप से प्रतिदिन प्रात: एवं संध्या के समय 15 से 20 मिनट का अभ्यास हमको उस और ले जायेगा जहाँ परमात्मा का स्नेह रूपी प्रकाश चहुँ ओर प्रभावी है। क्योंकि, आनंद लोककल्याण में है।


0 Comments

Leave a Comment